आगरा विश्वविद्यालय की आर्ट गैलरी में सजी 70 से अधिक कलाकृतियां.....


आगरा, 10 जून। डॉ. भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय, आगरा के ललित कला संस्थान एवं राज्य ललित कला अकादमी, उत्तर प्रदेश के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित 20 दिवसीय चित्रकला कार्यशाला के समापन अवसर पर तैयार कलाकृतियों की भव्य प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। ललित कला संस्थान की आर्ट गैलरी में लगी इस प्रदर्शनी में 70 से अधिक उत्कृष्ट कलाकृतियां प्रदर्शित की गई हैं, जिन्हें विभिन्न आयु वर्ग के प्रतिभागियों ने अपनी रचनात्मकता और कलात्मक कौशल से तैयार किया है।

प्रदर्शनी का उद्घाटन वरिष्ठ कलाकार डॉ. अशोक कुमार सिंह ने मुख्य अतिथि के रूप में किया। इस अवसर पर संस्कार भारती ब्रज प्रांत के महामंत्री नंद नंदन गर्ग, आगरा महानगर के ओम स्वरूप गर्ग, राज्य ललित कला अकादमी की सदस्या डॉ. आभा सिंह तथा संस्कृति भवन पुस्तकालय प्रभारी डॉ. सुनील उपाध्याय विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अतिथियों ने मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर एवं फीता काटकर प्रदर्शनी का शुभारंभ किया।

विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. आशुरानी तथा ललित कला संस्थान के निदेशक प्रो. संजय चौधरी के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यशाला एवं प्रदर्शनी के संयोजक उप निदेशक डॉ. मनोज कुमार ने बताया कि कार्यशाला में बच्चों, विद्यार्थियों और गृहिणियों सहित विभिन्न वर्गों के प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। उनके द्वारा तैयार की गई कलाकृतियां उनकी कल्पनाशीलता, तकनीकी दक्षता और कलात्मक अभिव्यक्ति का सशक्त उदाहरण प्रस्तुत करती हैं।

कार्यशाला के दौरान प्रशिक्षक मयंक प्रताप सिंह, हिमांशु और निवेदिता सिंह ने प्रतिभागियों को चित्रकला की विभिन्न विधाओं का प्रशिक्षण दिया। प्रदर्शनी में ज्योति माहेश्वरी, कामिनी तोमर और नीतू वर्मा की कलाकृतियों को विशेष सराहना मिली। वहीं अभिषेक, राहुल, सौरभ, सृष्टि और कंचन सहित कई प्रतिभागियों के पोर्ट्रेट दर्शकों के आकर्षण का केंद्र बने। कुछ कलाकृतियों में आधुनिक तकनीक और एआई आधारित कलात्मक प्रयोग भी देखने को मिले।

प्रदर्शनी में शिव मंगल, रिद्धिमा सिंह, ममता सिंह, निशि, अरुण, दीक्षा, शिल्पी जैन, ऋषिका जैन, मोहिनी, तनिष्का, देवेश थापर, सैयद मोहसिन आजम, इरा, जानवी, खुशी और विधान समेत अनेक प्रतिभागियों की रचनाओं को दर्शकों ने खूब सराहा। शहर के कला प्रेमी, बुद्धिजीवी, अभिभावक और विद्यार्थी बड़ी संख्या में प्रदर्शनी का अवलोकन करने पहुंचे।

प्रदर्शनी के सफल आयोजन में दीपक कुलश्रेष्ठ, डॉ. शार्दूल मिश्रा, देवेंद्र कुमार सिंह तथा डॉ. ममता बंसल सहित संस्थान के शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

राज्य ललित कला अकादमी, उत्तर प्रदेश के निदेशक अमित कुमार अग्निहोत्री, उपाध्यक्ष गिरीश चंद्र मिश्र एवं अध्यक्ष सुनील कुमार विश्वकर्मा ने प्रतिभागियों के रचनात्मक प्रयासों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

यह प्रदर्शनी 15 जून तक प्रतिदिन सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक ललित कला संस्थान की आर्ट गैलरी में आमजन के लिए खुली रहेगी। कला प्रेमी यहां पहुंचकर युवा कलाकारों की रचनात्मक प्रतिभा का अवलोकन कर सकते हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post