आगरा, 10 जून। मानसून के दौरान जलभराव की समस्या से शहरवासियों को राहत दिलाने के उद्देश्य से नगर निगम ने 72 घंटे का विशेष नाला सफाई एवं सिल्ट उठान महाअभियान शुरू कर दिया है। अभियान के तहत बुधवार रात विभिन्न जोनों में बड़े पैमाने पर नालों की सफाई और सिल्ट हटाने का कार्य कराया गया।
नगर निगम द्वारा प्रमुख नालों की सफाई के लिए चैन मशीनों का उपयोग किया जा रहा है, जबकि निकाली गई सिल्ट को तत्काल हटाने के लिए जेसीबी, हाईवा, टिपर, ट्रैक्टर और अन्य भारी वाहनों को मैदान में उतारा गया है। अधिकारियों का दावा है कि बरसात शुरू होने से पहले शहर की जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए यह अभियान युद्धस्तर पर चलाया जा रहा है।
ताजगंज जोन में कोलिहाई नाहरगंज और जगनेर रोड क्षेत्र के नालों की मशीनों से सफाई कराई गई। वहीं हरीपर्वत जोन के यमुना विहार और सुल्तानगंज पुलिया क्षेत्र में द्वितीय और तृतीय पाली में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। लोहामंडी जोन में जगदीशपुरा नाले की सफाई कर जल निकासी को बेहतर बनाने का प्रयास किया गया, जबकि छत्ता जोन के जलेसर रोड और भैंरों नाले पर भी मशीनों के माध्यम से सफाई कार्य कराया गया।
नालों से निकाली गई सिल्ट को तुरंत हटाने के लिए अलग से व्यवस्था की गई है। ताजगंज जोन के शहीद नगर और उखर्रा नहर क्षेत्र, हरीपर्वत जोन के वाटर वर्क्स क्षेत्र तथा लोहामंडी जोन के राजनगर इलाके में सिल्ट उठान अभियान संचालित किया गया।
अभियान में 4 टिपर, 4 ट्रैक्टर, 3 हाईवा, अतिरिक्त ट्रैक्टर, लोडर, ट्रैक्टर लोडर, जेसीबी मशीन और रोबोटिक सफाई मशीनों को लगाया गया है। इन संसाधनों के माध्यम से सफाई कार्य को लगातार गति दी जा रही है।
नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य स्वयं पूरे अभियान की मॉनिटरिंग कर रहे हैं और विभिन्न जोनों से मिल रही प्रगति रिपोर्ट की समीक्षा कर रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि किसी भी क्षेत्र में सफाई कार्य प्रभावित न हो तथा नालों से निकाली गई सिल्ट का तत्काल निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
अभियान की निगरानी सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम, अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार तथा अन्य अधिकारी लगातार कर रहे हैं। नगर निगम प्रशासन का कहना है कि बारिश से पहले शहर के प्रमुख नालों की सफाई पूरी कर जलभराव की समस्या को न्यूनतम करना इस अभियान का मुख्य लक्ष्य है।