आगरा में महंगाई के खिलाफ सपा का प्रदर्शन, कई नेता हिरासत में, कार्यकर्ताओं ने थाना घेरा....


आगरा।  गुरुवार को समाजवादी पार्टी ने बढ़ती महंगाई और आर्थिक संकट के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन से पहले ही पुलिस ने सपा महानगर अध्यक्ष शब्बीर अब्बास को हिरासत में ले लिया, जिसके बाद कार्यकर्ताओं में भारी नाराजगी देखने को मिली। गुस्साए सपाइयों ने थाना छत्ता का घेराव कर पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

सपा ने एक दिन पहले ही कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन का ऐलान किया था। गुरुवार सुबह बड़ी संख्या में कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट पहुंचने लगे। महानगर अध्यक्ष शब्बीर अब्बास के नेतृत्व में जीवनी मंडी से कलेक्ट्रेट तक मार्च निकाला जाना था, लेकिन पुलिस ने उन्हें पहले ही हिरासत में लेकर थाना छत्ता भेज दिया।

इसी दौरान सपा के राष्ट्रीय महासचिव और राज्यसभा सांसद रामजीलाल सुमन भी प्रदर्शन में शामिल होने आगरा पहुंचे। हालांकि हरीपर्वत थाना पुलिस ने उन्हें रास्ते में ही रोक दिया। इस दौरान पुलिस और सांसद के बीच तीखी बहस भी हुई। कानून-व्यवस्था का हवाला देते हुए पुलिस ने उन्हें हाउस अरेस्ट कर प्रदर्शन में शामिल होने से रोक दिया।

पुलिस की कार्रवाई से नाराज सपा कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार पर तानाशाही रवैया अपनाने का आरोप लगाया। कार्यकर्ताओं का कहना था कि लगातार बढ़ती महंगाई ने आम जनता की कमर तोड़ दी है, लेकिन सरकार इस मुद्दे पर ध्यान देने के बजाय विरोध की आवाज दबाने में लगी है।

प्रदर्शन के दौरान एक अलग नजारा भी देखने को मिला। प्रधानमंत्री की वायरल ‘मेलोडी’ वीडियो को लेकर एक सपा कार्यकर्ता प्रदर्शन स्थल पर मेलोडी टॉफियां लेकर पहुंचा और वहां मौजूद लोगों में बांटी। इसे लेकर भी प्रदर्शन में चर्चा बनी रही।

वहीं जिला इकाई के कार्यकर्ताओं ने  कलेक्ट्रेट तक पैदल मार्च निकालकर महंगाई के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों और आर्थिक हालात को लेकर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

Post a Comment

Previous Post Next Post