जगनेर। सोमवार रात जगनेर कस्बे में करीब एक ही समय पर हुए दो भीषण सड़क हादसों ने पूरे क्षेत्र को दहला दिया। रात लगभग 9:45 बजे बसेड़ी रोड स्थित टेढ़ी पुलिया और चुंगी नंबर-1 चौराहे पर हुए हादसों में आधा दर्जन से अधिक वाहन क्षतिग्रस्त हो गए, जबकि कई लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सभी घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) जगनेर भेजा गया।
बसेड़ी रोड स्थित टेढ़ी पुलिया के पास हुए पहले हादसे में प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अनियंत्रित वाहनों के कारण करीब आधा दर्जन गाड़ियां आपस में टकरा गईं। टक्कर इतनी भीषण थी कि कई वाहनों के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए वाहनों में फंसे घायलों को बाहर निकाला और एंबुलेंस तथा अन्य वाहनों की मदद से अस्पताल पहुंचाया।
इसी दौरान कस्बे के चुंगी नंबर-1 चौराहे पर दूसरा बड़ा हादसा हुआ। यहां तेज रफ्तार और अनियंत्रित बस ने सड़क पर चल रहे कई वाहनों को टक्कर मार दी। बस की चपेट में आने से कई लोग घायल हो गए। हादसे के बाद चालक बस लेकर मौके से फरार होने लगा, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार स्थानीय लोगों ने बस का पीछा किया और कुछ दूरी पर घेराबंदी कर बस तथा चालक को पकड़ लिया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
एक ही समय पर हुए इन दो सड़क हादसों से पूरे जगनेर कस्बे में हड़कंप मच गया। समाचार लिखे जाने तक घायलों की आधिकारिक संख्या की पुष्टि नहीं हो सकी थी। पुलिस घटना के कारणों की जांच कर रही है।