आगरा दयालबाग क्षेत्र में सोमवार दोपहर एक होटल में उस समय हंगामा मच गया, जब एक पति ने अपनी पत्नी को एक युवक के साथ कमरे में पकड़ लिया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच जमकर कहासुनी और हाथापाई हुई, जिससे होटल में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, कमला नगर निवासी एक चांदी कारोबारी ने पहली पत्नी से तलाक के बाद दूसरी शादी की थी। महिला की भी यह दूसरी शादी बताई जा रही है और दोनों की एक बेटी है। पति का आरोप है कि उसकी पत्नी का फेसबुक के माध्यम से एक युवक से संपर्क हुआ, जो धीरे-धीरे रिश्ते में बदल गया। पति का कहना है कि वह पिछले करीब एक साल से दोनों को रंगे हाथ पकड़ने की कोशिश कर रहा था।
सोमवार को पत्नी बाजार जाने की बात कहकर स्कूटी से घर से निकली। पति को शक हुआ तो उसने चुपचाप पीछा किया। आरोप है कि पत्नी दयालबाग रोड स्थित एक होटल पहुंची, जहां पति ने उसे युवक के साथ देख लिया। इसके बाद होटल परिसर में जमकर हंगामा हुआ और मामला हाथापाई तक पहुंच गया।
हंगामे के बाद दोनों पक्ष न्यू आगरा थाने पहुंचे। वहां परिजनों और रिश्तेदारों ने समझाइश कर दोनों के बीच समझौता करा दिया। किसी भी पक्ष ने पुलिस को लिखित शिकायत नहीं दी, जिसके चलते कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की गई। इस घटना के कुछ वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं।
हालांकि, इस मामले में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। न्यू आगरा थाना पुलिस के अनुसार, दोनों पक्ष बिना शिकायत दिए आपसी सहमति से वापस लौट गए।