आगरा, 13 जुलाई: सुभाष बाजार में नाले पर बनी दुकान के ढहने के 6 दिन बाद लापता हुई महिला का शव सोमवार को बरामद कर लिया गया। मृतका की पहचान मंटोला निवासी गंगा देवी के रूप में हुई है।
पुलिस और एसडीआरएफ की टीम पिछले 6 दिनों से नाले में सघन तलाशी अभियान चला रही थी। सोमवार दोपहर रेस्क्यू टीम को किले के पास नाले पर बने पुल के नीचे एक शव मिला। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने शव की शिनाख्त गंगा देवी के रूप में की। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
क्या था पूरा मामला
बुधवार दोपहर मंटोला स्थित सुभाष बाजार में नाले के ऊपर बनी दो मंजिला दुकान बारिश के कारण अचानक ढह गई थी। दुकान का मलबा सीधे नाले में जा गिरा था। इस हादसे में दुकानदार, एक महिला सिपाही और उसकी डेढ़ वर्षीय मासूम बेटी समेत 6 लोग मलबे में दब गए थे।
स्थानीय लोगों और पुलिस के सहयोग से मलबा हटाकर डेढ़ साल की बच्ची सहित 5 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया था। लेकिन महिला सिपाही की मां गंगा देवी मलबे के साथ नाले में बह गई थीं।
6 दिन चला रेस्क्यू
घटना के बाद से एसडीआरएफ, फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी थी। नाले में पानी और कीचड़ के कारण तलाशी में काफी दिक्कतें आ रही थीं। आखिरकार छठवें दिन टीम को शव बरामद करने में सफलता मिली।
फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। इस हादसे के बाद सुभाष बाजार में नाले पर बने अतिक्रमणों को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
Tags:
agranews