Breaking आगरा में भारी बारिश के बीच दर्दनाक हादसा, सुभाष बाजार में दो मंजिला दुकान ढही, कई लोगों के दबे होने की आशंका....

 


आगरा। ताजनगरी आगरा में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच बुधवार दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया। थाना मंटोला क्षेत्र के व्यस्त सुभाष बाजार में नाले के ऊपर बनी एक दो मंजिला दुकान अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे के बाद पूरे बाजार में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुकान गिरते ही मलबे का बड़ा ढेर लग गया। शुरुआती जानकारी में 4 से 5 लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका जताई गई है। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, नगर निगम और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं और तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया।

रेस्क्यू टीम ने अब तक तीन लोगों को मलबे से बाहर निकाल लिया है। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। हादसे की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास भी मौके पर पहुंचे और राहत कार्य की निगरानी कर रहे हैं।

हादसे में थाना सैंया क्षेत्र के नगला तेजा निवासी अनीता गंभीर रूप से घायल हो गईं। उनके सिर में चोट आई है। बताया जा रहा है कि अनीता अपनी छोटी बच्ची और मां गंगा देवी के साथ खरीदारी करने सुभाष बाजार आई थीं। बच्ची सुरक्षित है, लेकिन गंगा देवी के मलबे में दबे होने की आशंका है। रेस्क्यू टीम लगातार उनकी तलाश में जुटी हुई है।

प्रशासन ने आसपास के क्षेत्र को सुरक्षा की दृष्टि से घेर लिया है और राहत कार्य तेज गति से जारी है। अधिकारियों का कहना है कि मलबा पूरी तरह हटने के बाद ही दबे लोगों की सही संख्या और हादसे के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।


Post a Comment

Previous Post Next Post