आगरा। थाना पिढौरा क्षेत्र के बरपुरा गांव में एक युवक पर अपनी ही मां को सब्जी में जहर मिलाकर खिलाने का गंभीर आरोप लगा है। पुलिस ने पिता की तहरीर पर आरोपी बेटे और उसकी सास के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार आरोपी युवक अपनी पत्नी को ससुराल से लेने गया था। आरोप है कि इसी दौरान युवक की सास ने उससे कहा कि वह अपनी मां को रास्ते से हटा दे तभी अपनी लड़की तेरे साथ भेजूंगी इसके बाद युवक ने कथित रूप से घर आकर मां के खाने में जहर मिला दिया।
जहर खाने के बाद महिला की तबीयत अचानक बिगड़ गई। परिजनों ने तुरंत उसे नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पिता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं उसकी सास को भी मामले में नामजद किया गया है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है और बयान दर्ज कर रही है। महिला की हालत अभी स्थिर बताई जा रही है।
Tags:
agranews