आगरा। जनपद के जगनेर क्षेत्र में स्थित विधोली रोड पर लंबे समय से हो रहे जलभराव के कारण स्थानीय लोगों का आवागमन प्रभावित हो रहा है। सड़क पर कई दिनों से पानी भरा होने के चलते राहगीरों, स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और दोपहिया वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
यह मार्ग विधोली गांव के साथ-साथ आसपास की कई कॉलोनियों को जोड़ने वाला मुख्य रास्ता है। प्रतिदिन सैकड़ों लोगों का इसी मार्ग से आना-जाना होता है, लेकिन जलभराव के कारण लोगों को मजबूरन गंदे पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया है।
क्षेत्रवासियों का आरोप है कि बरसात के मौसम में यह समस्या और गंभीर हो जाती है। सड़क पर पानी भर जाने से दुर्घटनाओं का खतरा भी बना रहता है, वहीं बच्चों और बुजुर्गों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है।
अब इस मुद्दे को लेकर सामाजिक संगठन सबजन सेवा समिति भी खुलकर सामने आ गई है। समिति ने प्रशासन और संबंधित विभाग से जल्द से जल्द जल निकासी की व्यवस्था कर सड़क को सुचारु करने की मांग की है। समिति का कहना है कि यदि शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो जनहित में बड़ा आंदोलन किया जाएगा और जिम्मेदार अधिकारियों तक लोगों की आवाज पहुंचाई जाएगी। लेकिन कस्बे की सड़कों को नाली नहीं बनने दिया जायेगा। सड़के लोगों के चलने के लिए बनी है ना कि नाली का पानी बहने के लिए।
इनकी भी सुनो------------
"यह सड़क हमारे लिए मुख्य मार्ग है। रोजाना इसी रास्ते से काम पर जाना पड़ता है, लेकिन पानी भरने के कारण काफी परेशानी होती है। कई बार शिकायत की, फिर भी कोई सुनवाई नहीं हुई।"
गौरव शर्मा- निवासी
_______________________
"बच्चों को स्कूल और बुजुर्गों को अस्पताल ले जाने में दिक्कत होती है। गंदे पानी से होकर निकलना मजबूरी बन गई है। प्रशासन को जल्द इस समस्या का समाधान करना चाहिए।"
देवेश पंडित, निवासी
___________________________
जब तक जिम्मेदार अधिकारियों के कानों तक क्षेत्रवासियों की आवाज नहीं पहुंचेगी और समस्या का समाधान नहीं होगा, तब तक समिति शांत नहीं बैठेगी। जनहित में हर स्तर पर संघर्ष जारी रहेगा।"
केशव दीक्षित, उपाध्यक्ष सबज़न सेवा समिति
___________________________
"यह केवल जलभराव की समस्या नहीं, बल्कि लोगों की सुरक्षा और स्वास्थ्य से जुड़ा गंभीर विषय है। यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो समिति चरणबद्ध आंदोलन शुरू करेगी।"
सोनू शर्मा, प्रचार मंत्री सबजन सेवा समिति
_______________________
Tags:
jagner news