ग्वाल बाबा ह्यूमैनिटी फाउंडेशन ने महिला आयोग अध्यक्ष से की यूट्यूबर बाबू गप्पी की शिकायत..

 



आगरा। ग्वाल बाबा ह्यूमैनिटी फाउंडेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष एस.के. द्विवेदी एवं सह-संस्थापक प्रमोद त्यागी ने उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष बबिता चौहान से मुलाकात कर यूट्यूबर बाबू गप्पी द्वारा महिलाओं पर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों को लेकर शिकायत दर्ज कराई।

संस्था के पदाधिकारियों ने महिला आयोग अध्यक्ष को दिए गए शिकायत पत्र में कहा कि बाबू गप्पी नाम का यूट्यूबर कॉमेडी के नाम पर महिलाओं को निशाना बनाते हुए अभद्र और आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग करता है, जिससे महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुंचती है और समाज में गलत संदेश जाता है।

राष्ट्रीय अध्यक्ष एस.के. द्विवेदी ने कहा कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के नाम पर किसी भी महिला का अपमान या अशोभनीय टिप्पणी करना स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने महिला आयोग से मामले का संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की, ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति सोशल मीडिया या अन्य किसी माध्यम से महिलाओं के सम्मान को ठेस पहुंचाने का प्रयास न करे।

इस दौरान सह-संस्थापक प्रमोद त्यागी भी मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा के प्रति समाज के प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है तथा सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली आपत्तिजनक सामग्री पर प्रभावी कार्रवाई की जानी चाहिए।

महिला आयोग अध्यक्ष ने शिकायत प्राप्त कर मामले को नियमानुसार परीक्षण एवं आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित प्रक्रिया अपनाने का आश्वासन दिया।

Post a Comment

Previous Post Next Post