आगरा, 3 जुलाई। आगरा के सिकंदरा थाना क्षेत्र से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक व्यक्ति के लापता होने के करीब डेढ़ माह बाद उसका कंकाल घर के बाथरूम में दबा हुआ मिला। इस मामले में पुलिस ने मृतक की पत्नी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। हालांकि महिला हत्या के आरोप से इनकार कर रही है और उसका दावा है कि पति ने आत्महत्या की थी।
जानकारी के अनुसार, सिकंदरा क्षेत्र की रेणुका धाम कॉलोनी स्थित प्राची टावर में रहने वाले 44 वर्षीय सुरेंद्र शर्मा 18 मई से लापता थे। आरोप है कि उसी दिन उनकी मौत के बाद शव को घर के बाथरूम में गड्ढा खोदकर दफना दिया गया और बाद में फर्श को दोबारा पक्का करा दिया गया, ताकि किसी को इसकी भनक न लगे।
घटना के बाद मृतक की पत्नी रुबी शर्मा ने परिवार और आसपास के लोगों के सामने पति की तलाश का नाटक जारी रखा। 26 मई को उसने अपने देवर अनिल शर्मा के साथ सिकंदरा थाने में सुरेंद्र की गुमशुदगी भी दर्ज कराई। पुलिस ने जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज खंगाली और कई स्थानों पर तलाश की, लेकिन सुरेंद्र का कोई सुराग नहीं मिला।
मृतक के बड़े भाई अनिल शर्मा को शुरू से ही मामले में संदेह था। उनका कहना है कि पूछताछ के दौरान रुबी बार-बार अपने बयान बदल रही थी। इसी वजह से उन्होंने लगातार उससे सवाल किए। शुक्रवार को पूछताछ के दौरान महिला के कथित रूप से सच स्वीकार करने के बाद पुलिस को सूचना दी गई। इसके बाद पुलिस की मौजूदगी में बाथरूम के फर्श की खुदाई कराई गई, जहां से सुरेंद्र का कंकाल बरामद हुआ।
पुलिस के अनुसार, कंकाल को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम और फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर मौत की वास्तविक वजह का पता लगाया जाएगा।
मृतक सुरेंद्र शर्मा मूल रूप से राजस्थान के भरतपुर जिले के रंजीतनगर के रहने वाले थे। वह अपनी पत्नी रुबी शर्मा, मां कमला देवी और दो बेटियों के साथ आगरा में रह रहे थे। परिवार के अनुसार सुरेंद्र शराब के आदी थे और पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद और मारपीट होती रहती थी।
परिजनों ने बताया कि 18 मई को रुबी ने फोन कर कहा था कि पुलिस उनके घर आने वाली है, इसलिए मां और दोनों बच्चियों को अपने साथ ले जाएं। इसके बाद अगले दिन उसने परिवार को बताया कि सुरेंद्र घर छोड़कर कहीं चले गए हैं। कई दिनों तक उनका कोई पता नहीं चलने पर गुमशुदगी दर्ज कराई गई।
इस बीच परिवार को आर्थिक लेनदेन को लेकर भी कुछ संदेह हुआ। मृतक के भाई का आरोप है कि उनकी मां की पेंशन का पैसा भी रुबी ही निकालती थी। इसी दौरान उन्हें पूरे मामले में कई बातें संदिग्ध लगीं, जिसके बाद उन्होंने दोबारा गहराई से पूछताछ शुरू की।
वहीं पुलिस हिरासत में रुबी शर्मा का कहना है कि उसके पति ने शराब के नशे में फांसी लगाकर आत्महत्या की थी। बदनामी और डर के कारण उसने किसी को सूचना नहीं दी और शव को बाथरूम में दफना दिया। पुलिस महिला के इस दावे की भी जांच कर रही है।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक जांच और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर ही यह स्पष्ट होगा कि सुरेंद्र शर्मा की मौत हत्या थी या आत्महत्या।