कंडोम बॉक्स परिवार नियोजन को बना रहा आसान, फ्री मिल रहे कंडोम.....


  • बिना झिझक मुफ्त में मिल रहे कंडोम

  • स्वास्थ्य केंद्रों पर 24 घंटे उपलब्ध सुविधा

आगरा, 22 मई 2026
सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर लगाए गए कंडोम बॉक्स अब परिवार नियोजन को आसान बना रहे हैं। मेडिकल स्टोर से कंडोम खरीदने में झिझक महसूस करने वाले लोग अब स्वास्थ्य केंद्रों पर लगे कंडोम बॉक्स से कभी भी निःशुल्क कंडोम ले पा रहे हैं। इससे लोगों की गोपनीयता भी बनी रहती है और किसी तरह का अतिरिक्त खर्च भी नहीं उठाना पड़ता।

राहुल नगर बोदला निवासी एक युवक ने बताया कि शादी के बाद उन्होंने और उनकी पत्नी ने परिवार नियोजन के लिए कंडोम का इस्तेमाल किया, जिससे सही समय पर बच्चा प्लान करने में मदद मिली। उन्होंने कहा कि कंडोम परिवार नियोजन का सबसे अच्छा अस्थायी साधन है और सरकारी कंडोम बॉक्स की सुविधा काफी उपयोगी साबित हो रही है।

जनपद के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर लकड़ी के कंडोम बॉक्स लगाए गए हैं, जिन्हें समय-समय पर स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा दोबारा भरा जाता है। परिवार नियोजन कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ. प्रमोद यादव ने बताया कि जिले में अब तक 423 कंडोम पेटिकाएं लगाई जा चुकी हैं और वर्ष 2022-23 से अब तक 72,271 लाभार्थियों ने सरकारी केंद्रों से कंडोम प्राप्त किए हैं।

उन्होंने बताया कि कंडोम गर्भधारण रोकने के साथ-साथ यौन संचारित रोगों और एड्स से भी बचाव करता है। वहीं शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र दहतोरा मोड़ की प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. दीक्षा गौतम ने बताया कि अब लोगों में जागरूकता बढ़ी है और हर तीसरे दिन बॉक्स में दोबारा कंडोम भरने पड़ रहे हैं।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरुण श्रीवास्तव ने कहा कि परिवार नियोजन और यौन स्वास्थ्य में पुरुषों की भागीदारी जरूरी है। कंडोम एक सुरक्षित और बिना दुष्प्रभाव वाला अस्थायी साधन है, जो अनचाहे गर्भ और संक्रमण दोनों से बचाव करता है।

Post a Comment

Previous Post Next Post