महिला के साथ होटल में था साला, जीजा ने खोला राज, फिर चले लात-घूंसे......


आगरा, 10 जून। थाना इरादतनगर क्षेत्र में एक होटल के अंदर उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब एक व्यक्ति ने अपने शादीशुदा साले को एक महिला के साथ देख लिया। दोनों के बीच पहले कहासुनी हुई और फिर मामला मारपीट तक पहुंच गया। होटल परिसर से लेकर सड़क तक दोनों पक्षों में जमकर लात-घूंसे चले।

जानकारी के अनुसार, एक व्यक्ति अपने ससुराल की ओर जा रहा था। इसी दौरान मुबारकपुर मोड़ स्थित एक होटल के बाहर उसकी नजर अपने साले पर पड़ी। साले को वहां देखकर उसे शक हुआ, जिसके बाद वह कुछ देर बाद होटल के अंदर पहुंच गया।

आरोप है कि होटल के भीतर उसने अपने साले को एक महिला के साथ देखा। इस बात को लेकर उसने साले से बातचीत कर समझाने का प्रयास किया, लेकिन बात बिगड़ गई। दोनों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई, जो देखते ही देखते हाथापाई में बदल गई।

मारपीट के दौरान साला मौके से फरार हो गया। इसके बाद जीजा ने डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और होटल की तलाशी शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस को होटल की चौथी मंजिल पर पानी की टंकी के पास एक महिला छिपी हुई मिली। पुलिस महिला को पूछताछ के लिए थाने ले गई। इसके अलावा होटल में मौजूद लोगों से भी घटना के संबंध में जानकारी जुटाई गई।

फिलहाल मामले में किसी भी पक्ष की ओर से पुलिस को कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post