आगरा, 10 जून। राज्य निर्वाचन आयोग, उत्तर प्रदेश के निर्देशानुसार जनपद आगरा की सभी ग्राम पंचायतों के प्रादेशिक निर्वाचन क्षेत्रों की मतदाता नामावली तैयार कर प्रकाशित कर दी गई है। अब यह नामावली 10 जून से आम नागरिकों के निरीक्षण के लिए उपलब्ध रहेगी।
अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) एवं निर्वाचक रजिस्ट्रेशन अधिकारी (पंचायत) ए.बी. सिंह ने बताया कि उत्तर प्रदेश पंचायत राज (निर्वाचक रजिस्ट्रेशन) नियमावली, 1994 के तहत तैयार की गई मतदाता नामावली की प्रतियां संबंधित ग्राम पंचायत कार्यालयों, सहायक निर्वाचन रजिस्ट्रेशन अधिकारियों (खण्ड विकास अधिकारियों) तथा अन्य निर्धारित कार्यालयों में उपलब्ध करा दी गई हैं।
उन्होंने कहा कि मतदाता अपने नाम, पता एवं अन्य विवरणों का सत्यापन कर सकते हैं। यदि किसी पात्र व्यक्ति का नाम सूची में शामिल नहीं है अथवा किसी प्रकार की त्रुटि पाई जाती है, तो निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार दावा एवं आपत्ति प्रस्तुत की जा सकती है।
ए.बी. सिंह ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने-अपने क्षेत्र की मतदाता सूची का अवलोकन कर सभी विवरणों की जांच करें तथा आवश्यक संशोधन समय रहते कराएं। इससे निर्वाचन प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, निष्पक्ष और त्रुटिरहित बनाने में सहायता मिलेगी।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मतदाता सूची में संशोधन, दावा एवं आपत्तियों के लिए निर्धारित प्रक्रिया का पालन किया जाएगा और प्राप्त आवेदनों का नियमानुसार निस्तारण किया जाएगा।
Tags:
agranews