आगरा। बॉलीवुड फिल्म शोले के वीरू की तरह प्रेमिका को बुलाने की जिद में एक युवक मोबाइल टावर पर चढ़ गया। मामला थाना एत्मादपुर क्षेत्र के छलेसर का है, जहां मथुरा निवासी युवक के टावर पर चढ़ते ही इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने काफी देर तक समझाइश कर युवक को सुरक्षित नीचे उतारा। घटना के वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।
टावर पर चढ़ते ही जुट गई भीड़
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक अचानक छलेसर स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गया। देखते ही देखते वह काफी ऊंचाई तक पहुंच गया। युवक को टावर पर चढ़ा देख आसपास के लोग मौके पर जुटने लगे। किसी अनहोनी की आशंका के चलते तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
प्रेमिका से मिलने की जिद
स्थानीय लोगों का कहना है कि युवक अपनी प्रेमिका को बुलाने और उससे मिलने की जिद कर रहा था। बताया जा रहा है कि इसी बात को लेकर उसने मोबाइल टावर पर चढ़कर हंगामा शुरू कर दिया। हालांकि पुलिस की ओर से प्रेम प्रसंग को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
घटना की जानकारी मिलते ही थाना एत्मादपुर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिसकर्मियों ने युवक से लगातार बातचीत की और उसे समझाने का प्रयास किया। काफी देर की मशक्कत के बाद युवक पुलिस की बात मान गया और सुरक्षित नीचे उतर आया।
मथुरा ले गयी पुलिस
पुलिस ने युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के बाद पूछताछ की। प्रारंभिक जानकारी में युवक के मथुरा निवासी होने की बात सामने आई। इसके बाद मथुरा पुलिस और उसके परिजनों से संपर्क किया गया और आवश्यक कार्रवाई की गई।
सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो
घटना के दौरान मौजूद लोगों ने युवक के टावर पर चढ़ने और पुलिस द्वारा उसे नीचे उतारने के वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिए। अब ये वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं और पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बने हुए हैं।
Tags:
agranews