आगरा।77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर जनक पार्क विकास समिति द्वारा जनक पार्क में सुबह 9 बजे ध्वजारोहण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में आगरा डेफ एनेबल सोसाइटी और आगरा डिवीजन एसोसिएशन ऑफ डेफ के सदस्यों की सहभागिता ने समारोह को विशेष रूप से समावेशी और गरिमामय बना दिया।
ध्वजारोहण समिति अध्यक्ष सीए राकेश अग्रवाल, सोसाइटी अध्यक्ष श्रीमती रश्मि और लक्ष्मीकांत द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। समारोह देशभक्ति और सामाजिक एकता के माहौल में सम्पन्न हुआ।
अपने संबोधन में सीए राकेश अग्रवाल ने कहा कि गणतंत्र केवल अधिकारों का नहीं, बल्कि नागरिक कर्तव्यों का भी पर्व है। उन्होंने स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जिम्मेदारियों के निर्वहन का संकल्प लेने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में जनक पार्क विकास समिति, आगरा डेफ एनेबल सोसाइटी के पदाधिकारी व सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ द्वारा खेल दिवस एवं पतंग महोत्सव का भी आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों, युवाओं और वरिष्ठ नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
करीब 100 से अधिक लोगों की उपस्थिति वाले इस आयोजन को सामाजिक समावेशन, समानता और राष्ट्रभक्ति का उत्कृष्ट उदाहरण बताया गया। आगरा डेफ एनेबल सोसाइटी ने जनक पार्क विकास समिति का दिव्यांगजनों को साथ लेकर चलने के लिए आभार व्यक्त किया।
Tags:
agra