● बिना चीरे के की गई सर्जरी, एक साल से परेशान महिला को मिली राहत
आगरा। सरोजिनी नायडू मेडिकल कॉलेज (एसएनएमसी) के ईएनटी विभाग ने एक बार फिर अपनी विशेषज्ञता का परिचय देते हुए जटिल ‘सीएसएफ राइनोरिया’ (CSF Rhinorrhea) का सफल ऑपरेशन कर इतिहास रच दिया है। यह सर्जरी पूरी तरह दूरबीन (एंडोस्कोपिक) विधि से बिना किसी बाहरी चीरे के संपन्न की गई।
आगरा की 35 वर्षीय महिला पिछले करीब एक साल से नाक से पानी जैसा स्राव और लगातार सिरदर्द की समस्या से जूझ रही थी। झुकने या खांसने पर यह परेशानी और बढ़ जाती थी, जिससे उसके दैनिक जीवन पर गंभीर असर पड़ रहा था। खास बात यह रही कि मरीज को पहले कभी कोई चोट या सर्जरी नहीं हुई थी।
ईएनटी ओपीडी में जांच और सीटी स्कैन के बाद डॉक्टरों ने पाया कि मस्तिष्क और नाक के बीच एक अस्थि दोष (Bone Defect) है, जिससे मस्तिष्क मेरु द्रव (CSF) का रिसाव हो रहा था।
बिना चीरे के हुआ जटिल ऑपरेशन
13 मार्च 2026 को प्रोफेसर डॉ. धर्मेंद्र कुमार के नेतृत्व में टीम ने अत्याधुनिक एंडोस्कोपिक तकनीक का उपयोग करते हुए सफल सर्जरी की। यह ऑपरेशन बेहद संवेदनशील माना जाता है क्योंकि इसमें मस्तिष्क की झिल्ली और नाक के बीच के मार्ग को सुरक्षित रूप से ठीक करना होता है।
डॉ. धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि इस तकनीक में किसी भी प्रकार का बाहरी कट या निशान नहीं पड़ता, जिससे मरीज जल्दी रिकवर करता है। सर्जरी के बाद मरीज पूरी तरह स्वस्थ है और उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।
ईएनटी विभाग ने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी इस प्रकार की जटिल सर्जरी के लिए विभाग पूरी तरह तैयार है। यह सफलता न केवल आगरा बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है।
प्रिंसिपल का संदेश
संस्थान के प्रिंसिपल एवं डीन डॉ. प्रशांत गुप्ता ने इस उपलब्धि पर टीम को बधाई देते हुए कहा कि अब एसएन मेडिकल कॉलेज अत्याधुनिक उपकरणों और विशेषज्ञ डॉक्टरों से सुसज्जित है। उन्होंने कहा कि संस्थान का उद्देश्य आम जनता को जटिल से जटिल उपचार की सुविधा उपलब्ध कराना है।
सर्जरी टीम
ईएनटी टीम:
डॉ. धर्मेंद्र कुमार
डॉ. सौम्याता नीरज
डॉ. रोहिणी
एनेस्थीसिया टीम:
डॉ. अर्पिता (नेतृत्व)
डॉ. पल्लिका
डॉ. काजल
डॉ. अनुभव