“ना बिजली, ना पानी… 48 घंटे से त्राहिमाम! बिजली विभाग की लापरवाही पर फूट सकता है ग्रामीणों का गुस्सा”


आगरा। भीषण गर्मी के बीच कई गाँवों में पिछले करीब 48 घंटे से बिजली सप्लाई पूरी तरह ठप पड़ी हुई है। लगातार दो दिनों से बिजली नहीं आने के कारण ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बिजली संकट के चलते गांव में पानी की भी गंभीर समस्या खड़ी हो गई है, जिससे लोगों में बिजली विभाग के खिलाफ भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है।

आगरा के बसई तांतपुर सब स्टेशन के कई गाँव में लगभग 48 घंटों से विजली सप्लाई पूरी तरह से ठप पडी है, जिसको लेकर ग्रामीणों कई समस्याओं से जूझना पढ़ रहा है। दरअसल मंगलवार शाम को क्षेत्र में कुछ मिनट के लिए तूफान आया जिसमें लाइट के खंबे गिर गए। लेकिन 3 दिन में विजली विभाग विद्युत सप्लाई को शुरू नहीं कर पा रहा है, विभाग की तरफ से कहा जा रहा है कि फिलहाल पोल उपलब्ध नहीं है, जिसकी वजह से मरम्मत कार्य नहीं हो पा रहा। लेकिन सवाल यह है कि आखिर ग्रामीण कब तक इस परेशानी को झेलते रहेंगे?

ग्रामीणों का आरोप है कि बिजली के पोल टूटने के बाद विभाग को कई बार सूचना दी गई, लेकिन तीन दिन बीत जाने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं किया गया। ग्रामीणों के मुताबिक विभाग की तरफ से यह कहकर जिम्मेदारी टाली जा रही है कि फिलहाल पोल उपलब्ध नहीं है। 

बिजली नहीं होने से गांव में पेयजल संकट गहरा गया है। मोटर और पानी की सप्लाई बंद होने के कारण लोग दूर-दूर से पानी लाने को मजबूर हैं। तेज गर्मी में छोटे बच्चों, बुजुर्गों और पशुओं की हालत सबसे ज्यादा खराब बताई जा रही है।

तपती धूप में दूर-दूर से पानी ला रहे ग्रामीण 

वही इस से प्रभावित गाँव, चाचोंद, खोरपूरा, नगला मानिक, ढबरई आदि अन्य के ग्रामीणों का कहना है कि बिजली विभाग की लापरवाही के कारण कई गांव परेशान हैं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी समस्या को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द बिजली व्यवस्था बहाल नहीं की गई तो ग्रामीण आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

क्या कहना है विभाग का 

वहीं जूनियर इंजीनियर रोहतास का कहना है कि देवीय आपदा आयी थी जिसमें पूरे क्षेत्र में बड़ी संख्या में पोल टूटे हैं, और हमारे पास पोल उपलब्ध नहीं है, हमारे पास सिर्फ दस पंद्रह पोल थे जो लगा दिए गए हैं अब अन्य स्टेशन से पोल मंगाये जा रहे हैं।

फिलहाल गांव में बिजली संकट को लेकर लोगों में नाराजगी लगातार बढ़ती जा रही है और सभी की नजरें प्रशासन व बिजली विभाग की कार्रवाई पर टिकी हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post