स्मार्ट मीटर विवाद गरमाया: विरोध के बाद 600 अज्ञात समेत 16 नामजद पर केस दर्ज.....

Image ai

• अकोला में ग्रामीणों का विरोध जारी, दोबारा मीटर लगाने से किया इनकार

 (Dehat News Today):
आगरा।  कस्बा अकोला में स्मार्ट मीटर को लेकर विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। विरोध प्रदर्शन के बाद अब पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 16 नामजद और करीब 600 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

विद्युत विभाग की शिकायत पर दर्ज इस एफआईआर में सरकारी काम में बाधा डालने, बिजली आपूर्ति प्रभावित करने, सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और राजस्व हानि जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं।

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह बड़ी संख्या में ग्रामीण 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र अकोला पर इकट्ठा हो गए थे। आरोप है कि भीड़ ने पहले कर्मचारियों पर दबाव बनाया और फिर नारेबाजी शुरू कर दी। इस दौरान कई लोग अपने घरों से उखाड़े गए स्मार्ट मीटर साथ लाए और उपकेंद्र परिसर में फेंककर तोड़फोड़ की, जिससे बिजली आपूर्ति भी प्रभावित हुई।

पुलिस ने मामले में 16 लोगों को नामजद किया है, जिन पर भीड़ को उकसाने और पूरे घटनाक्रम का नेतृत्व करने का आरोप है। वहीं सैकड़ों अज्ञात लोगों को भी आरोपी बनाया गया है।

दूसरी ओर, ग्रामीणों का कहना है कि स्मार्ट मीटर में तकनीकी खामियां हैं और इससे बिजली बिल अधिक आ रहा है, जिससे वे परेशान हैं। इसी वजह से उन्होंने विरोध प्रदर्शन किया।

घटना के बाद विद्युत विभाग के अधिकारी गांव पहुंचे और लोगों के साथ बैठक कर दोबारा स्मार्ट मीटर लगवाने के लिए समझाने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण इसके लिए तैयार नहीं हुए।

भारतीय किसान यूनियन ने भी इस मुद्दे पर कड़ा रुख अपनाया है। संगठन का कहना है कि यदि जबरन स्मार्ट मीटर लगाए गए और प्राथमिकी वापिस नहीं ली गयी तो संगठन आंदोलन करेगा और उसकी जिम्मेदारी विधुत विभाग की होगी।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और क्षेत्र में स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए निगरानी बढ़ा दी गई है।

Post a Comment

Previous Post Next Post