● मानव सेवा और नैतिक मूल्यों का दिया संदेश
आगरा। रविवार को पवित्र बसंत पर्व के अवसर पर आगरा डिस्ट्रिक्ट सत्संग एसोसिएशन के तत्वावधान में सभी यूथ एसोसिएशनों के युवाओं द्वारा “यूथ फेस्टिवल–2026” के प्रथम संस्करण का आयोजन आगरा सिटी ब्रांच, दयालबाग परिसर में किया गया।
कार्यक्रम में दयालबाग, अलोरा एवं आगरा सिटी ब्रांच के युवाओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से मानव जाति की सेवा के महत्व को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। इस दौरान कव्वाली, लघु नाटिका, नृत्य नाटिका, भक्ति गीत, प्रार्थना गीत आदि प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनसमूह को भाव-विभोर कर दिया।
यूथ फेस्टिवल के संयोजक एवं समन्वयक शरद सिन्हा ने बताया कि इस प्रकार के कार्यक्रमों का आयोजन उत्तर प्रदेश भर की सत्संग शाखाओं में वर्ष भर निरंतर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इसका मुख्य उद्देश्य युवाओं में मानव सेवा, नैतिकता, शिक्षा एवं सद्भाव का संचार करना तथा “वसुधैव कुटुम्बकम” की भावना को जन-जन तक पहुँचाना है।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश राधास्वामी सत्संग एसोसिएशन के प्रेसिडेंट राकेश नारंग रहे। विशिष्ट अतिथियों में विकास सिन्हा, कर्नल (रिटा.) आर.के. सिंह, डॉ. एस.के. सत्संगी, सुरेश कुमार, लखपति सिंह एवं कल्पनाथ जी उपस्थित रहे।
वहीं गणमान्य अतिथियों के रूप में आनंद प्रकाश, मुकुल सिन्हा, सिनीता श्रीवास्तव, अनिल सत्संगी, श्रुति सिन्हा, अरुण सक्सेना, महाराज शरण, तान्या चौधरी, सत्य प्रकाश, प्रेम शरण, हुजूर शरण एवं दिलीप कुमार की उपस्थिति रही।
कार्यक्रम का सफल संचालन श्रेय सिन्हा द्वारा किया गया। साथ ही इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण उत्तर प्रदेश की सौ से अधिक सत्संग शाखाओं में किया गया, जिससे बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं युवा इससे जुड़े।
Tags:
agra