आगरा। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन्स (UFBU) आगरा इकाई के बैनर तले मंगलवार को बैंक अधिकारियों और कर्मचारियों ने केंद्र सरकार की नीतियों के विरोध में हड़ताल की। शहर के संजय प्लेस स्थित एलआईसी बिल्डिंग में आयोजित सभा में बड़ी संख्या में बैंक कर्मचारी शामिल हुए और अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद की। सभा को संबोधित करते हुए यूएफबीयू के प्रदेश कोषाध्यक्ष शैलेन्द्र झा ने कहा कि बैंकों में 5 दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करने की मांग पिछले दो वर्षों से केंद्र सरकार के वित्त मंत्रालय के पास लंबित है। उन्होंने बताया कि दिसंबर 2023 में भारतीय बैंक संघ (IBA) ने इस मांग को वेतन समझौते में शामिल करते हुए सरकार को भेजा था, लेकिन अब तक इसे लागू नहीं किया गया है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब एलआईसी, जीआईसी, केंद्र व राज्य सरकार के कई कार्यालयों के साथ-साथ स्टॉक एक्सचेंज भी सप्ताह में पांच दिन काम करते हैं, तो बैंक कर्मचारियों के साथ भेदभाव क्यों किया जा रहा है। यूएफबीयू पदाधिकारियों ने बताया कि मार्च 2025 में दो दिन की प्रस्तावित हड़ताल को सरकार के आश्वासन पर स्थगित कर दिया गया था, लेकिन लगभग एक वर्ष बीत जाने के बाद भी कोई ठोस निर्णय नहीं हुआ। इसके चलते कर्मचारियों को दोबारा हड़ताल का रास्ता अपनाना पड़ा।
