आगरा। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने रविवार को आगरा के फतेहाबाद रोड स्थित एक होटल में आयोजित ‘विजन इंडिया (पीडीए)’ संगोष्ठी में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने व्यापारियों, उद्यमियों, बुद्धिजीवियों और पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए आगरा के विकास, उद्योगों और किसानों से जुड़े कई बड़े वादे किए।
अखिलेश यादव ने कहा कि किसी भी देश की आर्थिक मजबूती उसके व्यापारियों और छोटे कारोबारियों की तरक्की पर निर्भर करती है। उन्होंने कहा कि वह आगरा के व्यापारियों की समस्याओं को समझने और उनके सुझाव लेने के लिए यहां आए हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर आगरा में आईटी सिटी विकसित की जाएगी, जिससे युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे।
उन्होंने कहा कि छोटे कारोबारियों की समस्याओं को समझने के लिए उनकी जरूरतों और कारोबार की प्रकृति के अनुसार अलग-अलग वर्गों में अध्ययन किया जाना चाहिए। बिना उनकी वास्तविक चुनौतियों को समझे समाधान संभव नहीं है।
सपा प्रमुख ने बताया कि ‘विजन इंडिया’ और पीडीए संवाद के माध्यम से आगरा समेत आसपास के क्षेत्रों के उद्यमियों, पेशेवरों और बुद्धिजीवियों को जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने इसे लोगों की बात सुनने और उनकी अपेक्षाओं को समझने का मंच बताया।
अपने कार्यकाल का जिक्र करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि वर्ष 2012 से 2017 के बीच प्रदेश में कई महत्वपूर्ण विकास कार्य हुए, जिनमें आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे, मेट्रो परियोजना और संग्रहालय जैसी योजनाएं शामिल हैं। उन्होंने दावा किया कि आगरा के विकास के लिए समाजवादी सरकार ने कई अहम पहल की थीं और आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे रिकॉर्ड समय में तैयार किया गया था।
पत्रकारों से बातचीत के दौरान अखिलेश यादव ने राम मंदिर चढ़ावे से जुड़े कथित विवाद पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम के मंदिर से जुड़े किसी भी मामले को गंभीरता से लिया जाना चाहिए और इस तरह के विवाद सनातन परंपरा के लिए दुर्भाग्यपूर्ण हैं।
केंद्र और राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा महंगाई, बेरोजगारी और युवाओं के भविष्य जैसे मुद्दों पर जवाब देने में असफल रही है। उन्होंने नीट परीक्षा पेपर लीक मामले को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए और परीक्षा प्रणाली की पारदर्शिता पर चिंता जताई।
आगरा के प्रसिद्ध पेठा उद्योग को लेकर अखिलेश यादव ने कहा कि यदि उनकी सरकार बनती है तो पेठा को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ऐसी पहचान दिलाने का प्रयास किया जाएगा, जैसी पहचान मैकडोनाल्ड और पिज्जा हट जैसे बड़े ब्रांड्स की है।
उन्होंने आलू किसानों के लिए कॉमन फैसिलिटी सेंटर स्थापित करने की बात भी कही। उनका कहना था कि इससे आलू आधारित उत्पादों के निर्माण को बढ़ावा मिलेगा और खराब होने वाले आलू का उपयोग अन्य उत्पादों के निर्माण में किया जा सकेगा।
सुप्रीम कोर्ट में आगरा के उद्योगों और व्यापारियों से जुड़े मामलों की मजबूत पैरवी का भरोसा देते हुए उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर देश के प्रमुख कानूनी विशेषज्ञों की सेवाएं ली जाएंगी।
अपने संबोधन के अंत में अखिलेश यादव ने कहा कि पीडीए का अर्थ प्रेम, दया और अपनापन है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से समाज के हर वर्ग के लोगों के बीच जाकर इसी भावना के साथ संवाद स्थापित करने का आह्वान किया।