आगरा में बोले रक्षामंत्री - मोदी सरकार ने देश को दी नई दिशा, किसानों के मुद्दों पर भी दिया भरोसा..

आगरा। केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने रविवार को शमशाबाद में महाराणा प्रताप की प्रतिमा का अनावरण किया। इस अवसर पर आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने महाराणा प्रताप के शौर्य, स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति को याद किया तथा उनके आदर्शों को वर्तमान पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत बताया।
सभा को संबोधित करते हुए रक्षा मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने देशहित में कई ऐतिहासिक और निर्णायक फैसले लिए हैं। उन्होंने दावा किया कि वर्तमान सरकार ने पूर्ववर्ती सरकारों की तुलना में बेहतर कार्य किया है, जिससे देश की सुरक्षा, विकास और वैश्विक प्रतिष्ठा मजबूत हुई है। उन्होंने कहा कि भारतीय सेना का मनोबल आज पहले से अधिक ऊंचा है और दुनिया में भारत का सम्मान बढ़ा है।
राजनाथ सिंह ने आगरा क्षेत्र के किसानों से जुड़े मुद्दों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि किसान सम्मान निधि सहित अन्य समस्याओं को लेकर वह उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री से चर्चा करेंगे, ताकि किसानों को राहत मिल सके।
कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री एस.पी. सिंह बघेल, प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री भूपेंद्र सिंह, योगेंद्र उपाध्याय और धर्मेंद्र प्रजापति, सांसद राजकुमार चाहर, महापौर नवीन जैन, पूर्व राज्यपाल बेबी रानी मौर्य, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत पोनियां समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. मंजू भदौरिया ने की, जबकि मंच संचालन विधायक रामसकल गुर्जर ने किया। इस दौरान बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post