आगरा, 27 जून 2026। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) आगरा द्वारा शनिवार को IMA भवन में प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। इस दौरान 28 जून को आयोजित होने वाली प्री डॉक्टर्स डे CME एवं 1 जुलाई को होने वाली डॉक्टर्स डे कल्चरल नाइट की जानकारी मीडिया से साझा की गई। साथ ही दोनों कार्यक्रमों के पोस्टर का भी विमोचन किया गया।
प्रेस वार्ता में IMA आगरा के अध्यक्ष डॉ. पंकज नगायच, सचिव डॉ. रजनीश मिश्रा, उपाध्यक्ष डॉ. सीमा सिंह, वैज्ञानिक सचिव डॉ. दीप्तिमाला अग्रवाल तथा कोषाध्यक्ष डॉ. मुकेश भारद्वाज उपस्थित रहे। सभी पदाधिकारियों ने कार्यक्रमों के उद्देश्य और महत्व पर प्रकाश डालते हुए चिकित्सकों से अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता करने की अपील की।
IMA आगरा के अध्यक्ष डॉ. पंकज नगायच ने कहा कि संस्था का उद्देश्य केवल चिकित्सकों का संगठन बनकर रहना नहीं, बल्कि समाज को बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ना भी है। उन्होंने कहा कि दोनों कार्यक्रम चिकित्सा शिक्षा, आपसी सहयोग और चिकित्सकों के बीच सौहार्द को नई दिशा देंगे।
सचिव डॉ. रजनीश मिश्रा ने बताया कि 28 जून को आयोजित होने वाली प्री डॉक्टर्स डे CME में आधुनिक चिकित्सा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा व्याख्यान दिए जाएंगे। वहीं 1 जुलाई को आयोजित होने वाली डॉक्टर्स डे कल्चरल नाइट चिकित्सकों और उनके परिवारों के बीच आपसी संबंधों को मजबूत करने का अवसर बनेगी।
उपाध्यक्ष डॉ. सीमा सिंह ने कहा कि इन आयोजनों में ज्ञान, संस्कृति और सहभागिता का सुंदर समन्वय देखने को मिलेगा। उन्होंने सभी चिकित्सकों से कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी का आग्रह किया।
वैज्ञानिक सचिव डॉ. दीप्तिमाला अग्रवाल ने बताया कि इस वर्ष की CME का वैज्ञानिक कार्यक्रम नवीनतम चिकित्सा प्रगति और व्यावहारिक क्लीनिकल विषयों पर आधारित रहेगा, जिससे प्रतिभागी चिकित्सकों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।
कोषाध्यक्ष डॉ. मुकेश भारद्वाज ने कहा कि IMA आगरा सदैव उच्च गुणवत्ता वाले शैक्षणिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए प्रतिबद्ध रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी सदस्यों और सहयोगियों के सहयोग से दोनों कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न होंगे।
प्रेस वार्ता के अंत में IMA आगरा के पदाधिकारियों ने सभी चिकित्सकों से 28 जून को आयोजित प्री डॉक्टर्स डे CME तथा 1 जुलाई को होने वाली डॉक्टर्स डे कल्चरल नाइट में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की।