आगरा में चल रहा 'दस्तक अभियान', डेंगू-मलेरिया पर स्वास्थ्य विभाग का वार....




आगरा, 14 जुलाई 2026: जनपद में संचारी रोगों की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग ने 'दस्तक अभियान' शुरू कर दिया है। यह अभियान 11 से 31 जुलाई तक चलेगा। इस दौरान आशा और आंगनवाड़ी कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया जैसी मच्छरजनित बीमारियों से बचाव के लिए जागरूक कर रही हैं।

मंगलवार को सहायक मलेरिया अधिकारी नीरज कुमार ने नगला पदी क्षेत्र में आयुष्मान आरोग्य मंदिर पहुंचकर अभियान का निरीक्षण किया। उन्होंने टीम के काम का फीडबैक लिया।

क्या कर रही हैं टीमें
सीएमओ डॉ. अरुण श्रीवास्तव ने बताया कि अभियान में आशा कार्यकर्ता घर-घर जाकर बुखार, खांसी, डायरिया, टीबी और कुष्ठ रोग जैसे लक्षणों की जांच कर रही हैं। कम वजन वाले बच्चों की पहचान भी की जा रही है। लक्षण वाले मरीजों की जानकारी ई-कवच पोर्टल पर अपलोड कर उनका इलाज कराया जाएगा।

एसीएमओ डॉ. धर्मेश्वर श्रीवास्तव ने बताया कि टीम के पास क्लोरीन की गोलियां भी हैं। बुखार आने पर तुरंत आशा कार्यकर्ता से संपर्क करें या 108 पर कॉल करें। खुद से दवा न लें।

डीएमओ राजेश गुप्ता ने बताया कि जिन इलाकों में मच्छर का लार्वा ज्यादा मिल रहा है, वहां फॉगिंग और दवा का छिड़काव कराया जा रहा है।

डेंगू-मलेरिया से बचाव के लिए क्या करें
- पानी की टंकी, ड्रम, बर्तन ढककर रखें और हफ्ते में एक बार खाली करें
- घर और आसपास पानी जमा न होने दें
- मच्छरदानी और फुल कपड़े पहनें, मच्छर रोधी क्रीम लगाएं
- बुखार आने पर तुरंत जांच कराएं और पूरी दवा लें

क्या न करें
- एस्प्रिन या ब्रुफेन जैसी दवा खुद से न लें
- नीम-हकीम के चक्कर में न पड़ें
- खाली पेट दवा न खाएं

स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि हाथ साफ रखें ताकि डायरिया और फ्लू जैसी बीमारियों से बचा जा सके।

Post a Comment

Previous Post Next Post