आगरा। शहर में 10 वर्षीय बच्ची के कथित अपहरण का मामला पुलिस जांच में पूरी तरह फर्जी निकला। कारोबार में हुए घाटे और कर्जदारों के दबाव से परेशान पिता ने ही अपनी बेटी के अपहरण की साजिश रची थी। उसने अपने एक दोस्त को भी इस योजना में शामिल किया और फिरौती के नाम पर रिश्तेदारों व शुभचिंतकों से पैसे ऐंठने की योजना बनाई थी। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए आरोपी पिता और उसके दोस्त को गिरफ्तार कर लिया है।
डांस क्लास भेजने की बजाय दोस्त के घर छोड़ी बेटी
एसीपी लोहामंडी गौरव कुमार ने बताया कि 10 जुलाई की शाम जगदीशपुरा निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस को सूचना दी थी कि उसकी 10 वर्षीय बेटी प्रतापनगर स्थित वायरस डांस एकेडमी से घर वापस नहीं लौटी है। उसने यह भी दावा किया कि घर पर 40 लाख रुपये की फिरौती मांगने वाला पत्र मिला है।
सूचना मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू की। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई तो पता चला कि बच्ची डांस क्लास पहुंची ही नहीं थी। इसके बाद पुलिस ने पूरे क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया और तीन थानों की पुलिस को सक्रिय किया।
दो घंटे बाद खुद घर लौटी बच्ची
घटना के करीब दो घंटे बाद बच्ची अचानक घर लौट आई। सीसीटीवी फुटेज में वह अकेले घर की ओर आती दिखाई दी। पूछताछ में बच्ची ने बताया कि उसे एक कार सवार कहीं ले गया था और बाद में छोड़ गया। हालांकि वह अधिक जानकारी नहीं दे सकी।
पुलिस ने बच्ची के घर लौटने वाले रास्ते की फुटेज खंगाली तो एक बाइक सवार उसे छोड़कर जाता दिखाई दिया। बाइक नंबर के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंची।
दोस्त ने खोला पूरा राज
मंगलवार को पुलिस जब बाइक मालिक के घर पहुंची तो वह घबरा गया और पूछताछ में पूरी साजिश का खुलासा कर दिया। उसने बताया कि बच्ची के पिता ने ही अपहरण का नाटक रचा था और बच्ची को डांस क्लास की बजाय उसके घर छोड़ गया था। फिर खुद ही फिरौती का पत्र प्रिंट करवाकर पुलिस को सूचना दी।
कर्जदारों से बचने और रिश्तेदारों से पैसे लेने की थी योजना
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी पूजा सामग्री का कारोबार करता है। कारोबार में भारी घाटा होने के कारण उस पर कर्ज बढ़ गया था और लेनदार लगातार पैसे की मांग कर रहे थे। ऐसे में उसने बेटी के अपहरण का नाटक रचकर लोगों की सहानुभूति हासिल करने और फिरौती के नाम पर रिश्तेदारों व परिचितों से आर्थिक मदद लेने की योजना बनाई थी।
हालांकि पुलिस की लगातार जांच और दबाव के चलते आरोपी का दोस्त घबरा गया और बच्ची को बाइक से उसके घर छोड़ आया। इसी के बाद पूरी साजिश का पर्दाफाश हो गया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को किया गिरफ्तार
पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी पिता और उसके दोस्त को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।