जगनेर क्षेत्र में तेंदुए की दहशत: सूचना पर 24 घंटे चला कॉम्बिंग ऑपरेशन, जांच में सामने आई ये सच्चाई...

 


 Dehatnewstoday 

आगरा। जगनेर ब्लॉक के गांव रिछोहा में मंगलवार को एक जानवर के हमले के बाद पूरे इलाके में तेंदुए की दहशत फैल गई। घटना उस समय हुई जब वृद्धा शकुंतला और ग्रामीण हरिभान के गाय के बछड़े पर किसी जंगली जानवर ने हमला कर दिया। हमले की खबर फैलते ही ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई और लोगों ने इसे तेंदुए की मौजूदगी से जोड़ दिया।

सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र में लगातार 24 घंटे तक कॉम्बिंग ऑपरेशन चलाया। वन क्षेत्रीय अधिकारी सम्यक कैन ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए वाइल्ड लाइफ एक्सपर्ट्स को भी बुलाया गया था। जांच के दौरान घटनास्थल से मिले पैरों के निशानों का निरीक्षण किया गया, जिसमें पता चला कि निशान तेंदुए के नहीं हैं, क्योंकि उनका आकार काफी छोटा है और तेंदुआ के पैरों का आकार इतना छोटा नहीं होता।

अधिकारियों के अनुसार हमला किसी जंगली बिल्ली, सियार या दूसरे छोटे जंगली जानवर द्वारा किए जाने की आशंका है। हालांकि तेंदुए की पुष्टि नहीं हुई है, फिर भी वन विभाग किसी तरह की लापरवाही नहीं बरत रहा। इलाके में विभाग की दो टीमें लगातार गश्त कर रही हैं और हालात पर नजर बनाए हुए हैं।

वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि रात के समय अकेले बाहर न निकलें, अंधेरे वाले इलाकों में जाने से बचें और किसी भी संदिग्ध जंगली जानवर के दिखाई देने पर तुरंत विभाग को सूचना दें। फिलहाल गांव में सतर्कता बढ़ा दी गई है ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।

वहीं ग्रामीणों के साथ-साथ आसपास के लोगों का कहना है कि तेंदुआ है या नहीं य़ह तो नहीं पता लेकिन कोई तो है जो आये दिन पशुओं को अपना शिकार बनाता रहता है....

Post a Comment

Previous Post Next Post