आगरा में सघन पल्स पोलियो अभियान शुरू, 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को दवा पिलाने की अपील..


आगरा। जनपद में रविवार से सघन पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ हो गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरुण श्रीवास्तव ने आयुष्मान आरोग्य मंदिर, जीवनीमंडी में तीन वर्षीय निष्ठा और एक वर्षीय अक्षत को पोलियो की खुराक पिलाकर अभियान की शुरुआत की। इस अवसर पर उन्होंने सभी अभिभावकों से अपील की कि वे अपने 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की दवा अवश्य पिलवाएं, ताकि भारत पोलियो मुक्त बना रहे।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने कहा कि देश ने वर्षों की मेहनत और जनजागरूकता के बल पर पोलियो पर विजय प्राप्त की है, लेकिन पड़ोसी देशों पाकिस्तान और अफगानिस्तान में अभी भी पोलियो वायरस मौजूद है। ऐसे में एहतियात के तौर पर भारत के प्रत्येक छोटे बच्चे को पोलियो के खिलाफ पूरी तरह सुरक्षित रखना जरूरी है। उन्होंने कहा कि 29 जून से 3 जुलाई तक स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाएंगी। उन्होंने सभी अभिभावकों से स्वास्थ्य कर्मियों का सहयोग करने की अपील की।

जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. उपेंद्र कुमार ने बताया कि अभियान के पहले दिन जिले के 2703 बूथों पर बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई गई। उन्होंने बताया कि पोलियो वैक्सीन नियमित टीकाकरण कार्यक्रम का भी महत्वपूर्ण हिस्सा है। जन्म के समय पहली खुराक देने के बाद छह, दस और चौदह सप्ताह पर तथा 16 से 24 महीने की आयु के बीच बूस्टर डोज भी दी जाती है। उन्होंने कहा कि पोलियो की दवा पूरी तरह सुरक्षित और प्रभावी है।

आयुष्मान आरोग्य मंदिर, जीवनीमंडी की प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. मेघना शर्मा ने बताया कि अभियान के शुभारंभ के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने वैक्सीन के सुरक्षित रखरखाव और कोल्ड चेन व्यवस्था का भी निरीक्षण किया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

कमला नगर निवासी अतुल अग्रवाल ने बताया कि वे अपनी 15 माह की बेटी रियांशी का नियमित टीकाकरण समय पर कराते हैं और हर बार पोलियो बूथ पर जाकर दवा भी पिलवाते हैं। उन्होंने सभी माता-पिता से अपील की कि अपने बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य दिलाएं क्योंकि यह पूरी तरह सुरक्षित है और बच्चों को गंभीर बीमारी से बचाती है।

अभियान के दौरान आयुष्मान आरोग्य मंदिर जीवनीमंडी की प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. मेघना शर्मा, डॉ. अंबिका, डॉ. ललित मिश्रा, विश्व स्वास्थ्य संगठन की एसएमओ डॉ. अमृता अग्रवाल, यूपीटीएसयू की प्रतिनिधि मोनिका सिंह सहित स्वास्थ्य विभाग का पूरा स्टाफ मौजूद रहा।

अभियान एक नजर में

लक्षित बच्चे – 6,84,578

पोलियो बूथ – 2,703

गृह भ्रमण टीमें – 1,761

ट्रांजिट टीमें – 99

मोबाइल टीमें – 45

सुपरवाइजर – 530

स्वास्थ्य विभाग ने एक बार फिर सभी अभिभावकों से अपील की है कि यदि किसी कारणवश उनका बच्चा बूथ दिवस पर पोलियो की खुराक नहीं ले पाया है तो घर-घर पहुंचने वाली स्वास्थ्य टीम को अवश्य सहयोग करें और 0 से 5 वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को पोलियो की दवा जरूर पिलवाएं।

Post a Comment

Previous Post Next Post