खेरागढ़। तहसील में ई-रजिस्ट्री व्यवस्था के विरोध में गुरुवार से तहसील बार एसोसिएशन ने अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी। बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जब तक सरकार ई-रजिस्ट्री प्रणाली को वापस नहीं लेती, तब तक उनकी कलमबंद हड़ताल जारी रहेगी।
सुबह अधिवक्ता तहसील परिसर में एकत्र हुए और धरने पर बैठकर हड़ताल की घोषणा की। इसके बाद वकीलों के साथ स्टाम्प विक्रेताओं, टाइपिस्टों और दस्तावेज लेखकों ने भी विरोध प्रदर्शन में हिस्सा लिया। सभी ने मिलकर निबंधन कार्यालय में ताला लगा दिया और तहसील परिसर में जुलूस निकालकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
दिनभर चले धरना-प्रदर्शन के कारण तहसील का सामान्य कामकाज पूरी तरह बाधित रहा। विभिन्न कार्यों से तहसील पहुंचे लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। कई फरियादी और ग्रामीण अपने काम नहीं करा सके और निराश होकर वापस लौट गए।