यूएचएनडी दिवस पर बच्चों को पिलाई गई विटामिन-ए की खुराक.....


देहात न्यूज़ टुडे | आगरा, 17 जून। जनपद में यूएचएनडी एवं वीएचएसएनडी टीकाकरण सत्रों के दौरान 9 माह से 5 वर्ष तक के बच्चों को विटामिन-ए की खुराक पिलाई गई। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरुण श्रीवास्तव ने बताया कि 10 जून से चल रहे विटामिन-ए सम्पूरण कार्यक्रम के तहत 5.8 लाख बच्चों को लाभान्वित करने का लक्ष्य रखा गया है।

जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. उपेंद्र कुमार ने बताया कि बच्चों को 9 माह से 5 वर्ष की आयु तक विटामिन-ए की कुल 9 खुराकें दी जाती हैं, जो कुपोषण, मिजल्स, डायरिया और रतौंधी जैसी समस्याओं से बचाव में मदद करती हैं। यह दवा नियमित टीकाकरण सत्रों के साथ-साथ प्रत्येक छह माह पर अभियान के दौरान भी पिलाई जाती है।

शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र दहतोरा मोड़ की प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. दीक्षा गौतम ने बताया कि विटामिन-ए बच्चों की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने और शारीरिक विकास में सहायक है। 10 जून से अब तक आयोजित यूएचएनडी सत्रों में 206 बच्चों को विटामिन-ए की खुराक दी जा चुकी है।

इस दौरान एएनएम, आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने अभियान में सहयोग किया। स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों से अपील की है कि वे बच्चों को नियमित टीकाकरण सत्रों में लाकर विटामिन-ए की सभी खुराकें अवश्य दिलवाएं।

Post a Comment

Previous Post Next Post