कॉमरेड रमेश मिश्रा के षष्ठम स्मृति दिवस पर वैचारिक मंथन आयोजित...


देहात न्यूज़ टुडे | आगरा। कॉमरेड रमेश मिश्रा के षष्ठम स्मृति दिवस के अवसर पर "वैचारिक मंथन-6" कार्यक्रम का आयोजन माथुर वैश्य सभागार, पचकुइयां में किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत कॉमरेड रमेश मिश्रा के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर हुई। भारतीय जन नाट्य संघ (इप्टा) आगरा के कलाकारों ने जनगीत प्रस्तुत कर श्रद्धांजलि दी।

"दुनिया की बदलती तस्वीर और भारतीय अर्थव्यवस्था के हालात" विषय पर आयोजित वैचारिक सभा में प्रख्यात अर्थशास्त्री डॉ. जया मेहता ने मुख्य वक्ता के रूप में अपने विचार रखते हुए कहा कि किसी भी देश की वास्तविक प्रगति समाजवादी मूल्यों के बिना संभव नहीं है।

कार्यक्रम में भारतीय महिला फेडरेशन की राष्ट्रीय महासचिव कॉमरेड निशा सिद्धू, राष्ट्रीय सचिव कॉमरेड अरुणा सिन्हा तथा प्रगतिशील लेखक संघ के राष्ट्रीय सचिव कॉमरेड विनीत तिवारी ने भी अपने विचार व्यक्त किए। वक्ताओं ने सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ संघर्ष और बेहतर समाज निर्माण में जनभागीदारी की आवश्यकता पर बल दिया।

सभा की अध्यक्षता किसान सभा की राष्ट्रीय परिषद के सदस्य कॉमरेड ओम प्रकाश ने की। कॉमरेड रमेश मिश्रा के सुपुत्र नीरज मिश्रा ने उनके जीवन से जुड़े संस्मरण साझा किए। भाकपा के जिला मंत्री पूरन सिंह सहित अन्य वक्ताओं ने भी श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस अवसर पर इप्टा कलाकारों ने जनवादी गीतों की प्रस्तुति दी। कार्यक्रम का संचालन दिलीप रघुवंशी ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन मोहन सिंह ने दिया। बड़ी संख्या में सामाजिक, सांस्कृतिक एवं राजनीतिक क्षेत्र से जुड़े लोग उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post